शिवपुरी. पिछोर थाना पुलिस ने डकैती की साजिश रचते चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका पांचवा साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। कट्टे व अन्य घातक हथियारों से लैस इन बदमाशों से पूछताछ करने पर उनके कब्जे से चोरी की पांच बाइक भी पुलिस ने बरामद कीं।
शुक्रवार को थाना प्रभारी पिछोर अजय भार्गव को मुखबिर से सूचना मिली कि मंडी के पीछे वेयर हाउस के पास कुछ लोग चौधरी पेट्रोल पम्प पर डकैती की साजिश रच रहे हैं। थाना प्रभारी के नेतृत्व में 3 टीमें बनाकर बताए गए स्थान पर दबिश दी तो पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। इनमें से 4 आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि एक मौके से भाग निकला। पकड़े गए आरोपी नेपाल सिंह यादव निवासी ग्राम कोरवास थाना ईसागढ़ जिला अशोकनगर के कब्जे से पुलिस ने एक अधिया 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। दूसरे बदमाशने अपना नाम हरिराम लोधी निवासी ग्राम रिछारी थाना खनियांधाना बताया और पुलिस ने इसके कब्जे से एक बका और तीसरे आरोपी महाराज सिंह निवासी चुआना थाना खनियांधाना स पुलिस ने कुल्हाड़ी जब्त की है। चौथे बदमाश छोटेलाल आदिवासी निवासी ग्राम नदनवारा खनियांधाना से पुलिस ने एक भाला जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों को थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने पांच मोटर साइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने मोटरसाइकिलों को बरामद कर लिया है। वहीं पुलिस की पकड़ से भागे आरोपी का नाम जयपाल ठाकुर बताया गया है। पुलिस पूछताछ में इन बदमाशों से चोरी की और भी बाइक बरामद होने की संभावना है। पांचों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। धारा 399, 400, 402 भादवि एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। बदमाशों को पकडऩे में उनि रामेन्द्र सिंह चौहान, उनि संजीव पंवार, उनि नीतेश जैन, सउनि प्रकाश सिंह रघुवंशी, सउनि अरविन्द भदौरिया, प्रआर अरविन्द यादव, आर रामअवतार, मलखान, हिमांशु चतुर्वेदी, अशोक जाट, रामनाथ, कुलदीप चतुर्वेदी, माधव शंकर, राधे जादौन की अहम भूमिका रही।
जेवर और नकदी समेट ले गए चोर
शिवपुरी. सिरसौद थाना अंतर्गत ग्राम जामखो में रहने वाले हरीराम पुत्र राजाराम धाकड़ के घर में शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर यहां से करीब 90 हजार रुपए का सामान चुराकर ले गए। हरीराम ने पुलिस को बताया कि ताले तोडक़र चोर सोने के दो हार, जंजीर, चूड़ी, मोहर, मंगलसूत्र, चांदी की करधौनी, पायलें, 90 हजार रुपए नकद व एक घी का डिब्बा चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/31gQJbI
No comments:
Post a Comment