मलारना डूंगर. मौसमी बीमारियों के प्रकोप के बीच मलारना डूंगर सीएचसी ( CHC DISTRICT-SAWAI MADHOPUR ) पर कार्यरत चिकित्सा अधिकारी ने पहले तो अपनी चिकित्सक पत्नी को सीसीएल (चाइल्ड केयर लीव) पर भेजा। इसके बाद खुद मेडिकल अवकाश पर चले गए। सीएचसी पर कार्यरत दोनों चिकित्सकों के एक साथ अवकाश पर जाने से अस्पताल के हालात बिगड़ गए। जिला चिकित्सा प्रशासन ने बुधवार शाम को ही विभिन्न पीएचसी पर कार्यरत दो चिकित्सकों को मलारना डूंगर सीएचसी पर लगाया, लेकिन गुरुवार सुबह 8 बजे बाद भी बामन बड़ौदा पीएचसी से लगाए चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार बैरवा मलारना सीएचसी नहीं पहुंचे।
हालांकि मकसूदनपुरा पीएचसी पर कार्यरत डॉ. संजीव कुमार वहां रोगियों का उपचार करते मिले। गुरुवार सुबह सीएचसी पहुंचे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तेजराम मीना ने डॉ राजेश कुमार के नहीं आने का कारण पूछा तो मेडिकल लीव पर जाने की बात सामने आई। इसके बाद सीएमएचओ ने बामनवास सीएचसी पर कार्यरत डॉ. मुकेश कुमार मीणा को मलारना डूंगर सीएचसी पर लगाने का आदेश जारी किया।
सीएमएचओ ने सम्भाला मोर्चा
मौसमी बीमारियों के चलते इन दिनों अस्पतालों में रोगियों की संख्या बढ़ गई है। यहां मलारना डूंगर सीएचसी पर प्रतिदिन साढ़े पांच सौ से अधिक रोगी उपचार कराने आ रहे हैं।गुरुवार को मलारना डूंगर सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तेजराम मीणा को कार्यव्यवस्था के तहत लगाए एक चिकित्सक नदारद मिले तो उन्होंने खुद रोगियों का उपचार करना शुरू किया। करीब एक घण्टे तक सीएमएचओ ने सीएचसी की ओपीडी में बैठ कर रोगियों का उपचार किया। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों के निरीक्षण के लिए निकल गए। सीएमएचओ के जाने के बाद एक चिकित्सक ही रोगियों को देखते रहे।
मेडिकल बोर्ड बिठा कर कराएंगे जांच
गौरतलब है कि मौसमी बीमारियों के चलते बिना अनुमति मुख्यालय छोडऩे व अवकाश पर जाने पर रोक के बावजूद कुछ चिकित्सकों ने इन दिनों मेडिकल अवकाश लिया है। सीएमएचओ ने इसे गम्भीरता से लेते हुए मेडिकल अवकाश पर चल रहे चिकित्सकों का मेडिकल बोर्ड बिठा कर जांच कराने की बात कही है। सीएमएचओ ने कहा कि मेडिकल अवकाश पर चल रहे चिकित्सकों का मेडिकल बोर्ड गठित कर परीक्षण कराया जाएगा।
मशीनें भी खराब
यहां मलारना डूंगर सीएचसी में रोगियों को जांच के लिए निजी लेबों पर जाना पड़ रहा है। सीएमएचओ ने लेब की जांच की तो लेब कर्मियों ने सीबीसी व एक्सरे मशीन खराब होने की बात कही। सीएमएचओ ने बताया कि इंजीनियर आकर मशीनों को ठीक करता है। उसकी मौजूदगी में जांच मशीन सही चलती है। अगले दिन फिर खराब हो जाती है। इसे सन्देहास्पद मानते हुए अब सीएमएचओ ने टीम गठित कर जांच कराने की बात कही है।
यह है स्टाफ की स्थिति
सीएमएचओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मलारना डूंगर चिकित्साधिकारी डॉ. सैयद सुहेल अली के मेडिकल अवकाश पर जाने व डॉ. गोशिया सुल्ताना फरहा सुहेल के सीसीएल पर होने की जानकारी मिली। डॉ फरहा सुहेल चिकित्साधिकारी डॉ सैयद सुहेल की पत्नी है। यह कब से सीसीएल पर है सीएमएचओ को भी इसकी जानकारी नहीं है। इसी तरह प्रसाविका 8 बजकर 20 मिनट पर पहुंची। सीएमएचओ के सामने ही 4 अगस्त के खाली पड़े हाजिरी कालम में डे ऑफ लगाया। एक्सरे टेक्नीशियन मोहम्मद आमिर तीन दिन से बिना अनुमति के अनुपस्थित, एलटी पृथ्वीराज माली के हाजिरी रजिस्टर में 3, 4 व 5 अगस्त के कॉलम खाली मिले। हालांकि एलटी लेब में काम करते मिला। उधर, पीपीपी मोड पर संचालित मलारना स्टेशन पीएचसी पर कार्यरत चिकित्सक दो घण्टे देरी से सुबह 10 बजे अस्पताल पहुंचा। सीएमएचओ ने फटकार लगाते हुए मुख्यालय नहीं छोडऩे के लिए पाबंद किया।
चिकित्साधिकारी को दिया नोटिस
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तेजराम मीना ने गुरुवार को मलारना डूंगर सीएचसी के निरीक्षण के बाद चिकित्साधिकारी डॉ सैयद सुहेल अली को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें उनसे स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही पहले सीएमएचओ के यहां उपस्थिति देने के आदेश दिए हैं।
- मलारना डूंगर सीएचसी पर कार्यरत चिकित्साधिकारी के मेडिकल अवकाश पर जाने से दो चिकित्सक लगाए हंै। सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचा तो पता चला कि चिकित्साधिकारी ने एक अन्य उनकी पत्नी चिकित्सक को सीसीएल अवकाश दे रखा है। यह कब से सीसीएल अवकाश पर हंै हमें नहीं पता। सीसीएल अवकाश पर जाने व मेडिकल अवकाश पर चिकित्सक के जाने की जांच कराएंगे।
- डॉ. तेजराम मीणा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सवाईमाधोपुर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2HQnAfv
No comments:
Post a Comment