शिवपुरी. ग्वालियर बायपास पर सिंध जलावर्धन परियोजना की लाइन पर नगर पालिका द्वारा बनाए गए हाईड्रेंट पर शनिवार दोपहर टैंकर में पानी भरने को लेकर हुए मुंहवाद पर कोलारस नगर पंचायत अध्यक्ष रविन्द्र शिवहरे के भतीजे अमित शिवहरे व उसके साथियों ने दो हाईड्रेंट कर्मचारियों सहित डायल-१०० के चालक की मारपीट कर दी। मारपीट का शिकार कर्मचारी का कहना है कि वह हर रोज दादागिरी से टैंकर भरकर ले जाते थे, आज भीड़ अधिक होने पर उन्हें लाइन में लगने के लिए कह दिया। इसी बात पर उन्होंने इस घटना को अंजाम दे डाला। मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज करा दी गई है। फिलहाल पुलिस ने मामले में कोई एफआईआर नहीं की है, लेकिन नपा के एई का दावा है कि वह इस मामले में एफआईआर करवाएंगे।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर बायपास पर स्थित हाईडेंट पर हर रोज की तरह शनिवार को भी लेजम ऑपरेटर धर्मेन्द्र वाल्मीकि टैंकरों में पानी भरवा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब १२ बजे कोलारस नगर पंचायत अध्यक्ष रविन्द्र शिवहरे का टैंकर रोजाना की तरह पानी भरने के लिए हाईडेंट पर पहुंचा। धर्मेन्द्र के अनुसार वह प्रायवेट टैंकर हर रोज जबरन दादागिरी दिखा कर भरकर ले जाता था। शनिवार को हाईडे्रंट देर से शुरू हुआ तो टैंकरों की लंबी कतार लग गई। इसी के चलते धर्मेन्द्र ने टैंकर लेकर आए लोगों से कहा कि आप बीच में टैंकर मत लगाओ, क्योंकि अन्य अनुबंधित टैंकरों के चालक इस पर ऐतराज करते हुए हम पर पानी बेचने का आरोप लगा रहे हैं। बकौल धर्मेन्द्र इस पर टैंकर के साथ आए लोगों ने उसे जाति ***** गालियां देते हुए धमकाया कि तू हमें कैसे रोकेगा। तू जानता नहीं है, ये सिंधिया का हाईडें्रट है और हम उनके आदमी। अगर तू ज्यादा करेगा तो इस हाईड्रेंट को उखाड़वा देंगे।
इसके बाद वह लोग देख लेने की धमकी देकर गए और रविंद्र शिवहरे के भतीजे अमित शिवहरे के साथ कुछ अन्य लोगों को लेकर आए। इन लोगों ने सबसे पहले तो धर्मेन्द्र वाल्मीकि को पीटा व उसके कपड़े फाड़ दिए। जब उसे बचाने के लिए एक अन्य कर्मचारी जसमंत परिहार आया तो उसके पैर में भी लाठियां मार कर उसे चोट पहुंचाई। हाईड्रेंट पर की जा रही मारपीट को देखकर वहां खड़ी एफआरवी वाहन (डायल-१००) का चालक गोलू आया तो उसके साथ भी इन लोगों ने हाथापाई कर दी। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन लगाया गया जिस पर कोतवाली से पुलिस फोर्स हाईड्रेंट पर भेजा गया। पुलिस फोर्स को देख कर मारपीट करने वाले लोग मौके से भाग गए। एफआरवी के चालक गोलू के अनुसार उन्होंने आरोपियों का पीछा किया लेकिन वह अमित शिवहरे के घर में घुस गए। मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज करा दी गई है लेकिन पुलिस ने एफआरवी चालक के साथ हुई मारपीट के बावजूद प्रकरण में एफआईआर दर्ज नहीं की, बल्कि मामले की विवेचना करने की बात कह रही है। वहीं दूसरी ओर नपा के एई और हाईडेंट प्रभारी आरडी शर्मा का दावा है कि वह इस मामले में हर हालत में एफआईआर कराएंगे।
गुंडई कर भर रहे हैं प्रायवेट टैंकर
गर्मी के मौसम में प्रायवेट टैंकर चालकों ने हाईड्रेंटों से पानी भरकर बाजार में बेचा है, परंतु नपा के अधिकारी कर्मचारियों की तथाकथित मिली भगत के चलते आज तक किसी ने भी यह स्वीकार नहीं किया कि हाईडें्रटों से प्रायवेट टैंकर पानी भर रहे हैं। आज जब एक कर्मचारी के साथ मारपीट हुई तो न सिर्फ कर्मचारियों ने बल्कि नपा के एई आरडी शर्मा ने भी कैमरे पर स्वीकार किया कि हाईड्रेंटों से प्रायवेट टैंकर गुंडई दिखाकर पानी भर रहे हैं। यदि प्रायवेट टैंकरों द्वारा हाईडे्रंटों से पानी भरने के मामले में शुरूआत में ही कोई कार्रवाई हो जाती तो आज यह नौबत शायद नहीं आती।
एफआईआर नहीं हुई तो करेंगे हड़ताल
हाईड्रेंट पर मौजूद कर्मचारियों का कहना था कि आज कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के मामले में अगर नपा के अधिकारी एफआईआर कराने थाने नहीं जाते हैं और पुलिस एफआईआर नहीं करती है तो हम हड़ताल कर देंगे, जिससे पूरे शहर में जनता को पानी की सप्लाई प्रभावित होगी। इन कर्मचारियों का कहना है कि एफआईआर न होने की स्थिति में न तो वे हाईडें्रट चलाएंगे और न ही किसी दूसरे कर्मचारी को चलाने देंगे।
मैं हाईडे्रंटकर्मी धर्मेन्द्र वाल्मीकि से लिखित में पूरा घटनाक्रम ले रहा हूं, इसके बाद नगर पालिका की तरफ से एफआईआर करवाऊंगा। यह एफआईआर किसी भी स्थिति में नहीं रुकेगी, आज ही एफआईआर करवाएंगे।
आरडी शर्मा एई नगर पालिका
हमारी तो कोठी में ही बोर लगा है, हम उससे पानी भरते हैं बल्कि कॉलोनी वालों को भी पानी भरवाते हैं। दूसरा मेरे पास कोई टैंकर नहीं है। अमित वहां गया है तो गलत किया है, जो आरोप लगाए जा रहे हैं वह पूरी तरह निराधार हैं।
रविंद्र शिवहरे, नगर परिषद अध्यक्ष कोलारस
हमें तो अभी तक इस मामले की जानकारी ही नहीं है, किसी ने कोई आवेदन नहीं दिया है। हमारे यहां कोई शिकायत नहीं आई है।
अनीता मिश्रा टीआई फिजीकल
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2WYAqAQ
No comments:
Post a Comment