श्योपुर,
जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण ने अब प्रशासन में भी दस्तक दे दी है। शुक्रवार की रात को श्योपुर की प्रभारी तहसीलदार रजनी बघेल के पॉजीटिव मिलने के बाद शनिवार को जिला प्रशासन ने जहां उनके आवास का एरिया कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया, वहीं कलेक्ट्रेट भवन में स्थित तहसील कार्यालय और मानपुर व प्रेमसर के नायब तहसील कार्यालय बंद कर दिए गए। इसके साथ ही एसडीएम श्योपुर रूपेश उपाध्याय सहित दो दर्जन अधिकारी कर्मचारी होम क्वॉरंटीन हो गए हैं।
पूरे लॉकडाउन में अन्य अफसरों के साथ फ्रंटलाइन में रहकर कार्य कर रही श्योपुर की प्रभारी तहसीलदार रजनी बघेल ने थोड़ी तबीयत खराब होने पर गत 9 जून को अपना सैंपल कराया। जिसके बाद शुक्रवार की रात आई 35 सैंपलों की जांच रिपोर्ट में उनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई। हालांकि सैंपल लिए जाने के बाद से वे अपने घर पर ही होम आइसोलेट थी, लेकिन रिपोर्ट आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं एसडीएम श्योपुर रूपेश उपाध्याय सहित तहसीलदार के साथ काम करने वाले आरआई, पटवारी, कार्यालय के कर्मचारी, ड्रायवर आदि लगभग 27 लोग क्वॉरंटीन हो गए हैं। बताया गया है कि तहसीलदार का सैंपल लेने के दो दिन पहले तक 7 जून से क्लॉज कांटेक्ट में आए 9 लोगों की सूची तैयार सीएमएचओ को भेज दी है, जबकि एसडीएम सहित 18 अन्य लोग अलग से लिस्टेड किए गए हैं। वहीं कलेक्ट्रेट भवन में स्थित श्योपुर तहसील कार्यालय के साथ ही मानपुर और प्रेमसर के नायब तहसील कार्यालय भी आगामी आदेश तक बंद रहेंगे।
33वां कंटेनमेंट बना कलेक्ट्रेट कॉलोनी का एरिया
तहसीलदार के पॉजीटिव आने के बाद शनिवार को कलेक्टर राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट कॉलोनी क्षेत्र का एक हिस्सा कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। ये जिले का 33वां कंटेनमेंट जोन है। कंटेनमेंट जोन के जारी आदेश के मुताबिक उत्तर में जेल की रिक्त भूमि व खाली प्लॉट, पूर्व में शिवराज मीणा नायब तहसीलदार का शासकीय आवास, पश्चिम में शासकीय आवास नंबर ई-6 से बहादुर खां ड्रायवर का शासकीय आवास शामिल किया गया है।
एसडीएम क्वॉरंटीन, एडीएम छुट्टी पर
एसडीएम श्योपुर रूपेश उपाध्याय के होम क्वॉरंटीन होने पर कलेक्टर राकेश कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को श्योपुर एसडीएम का प्रभार सहायक कलेक्टर पवार नवजीवन विजय को दे दिया है। वहीं दूसरी ओर अपर कलेक्टर सुनीलराज नायर भी छुट्टी चले गए हैं, लिहाजा कलेक्टर ने जिला पंचायत सीइओ हर्ष सिंह को अपर कलेक्टर का प्रभार दे दिया है।
जिपं सीइओ और सहायक कलेक्टर ने दिए सैंपल
तहसीलदार के कोरोना संक्रमित होने के बाद जिला प्रशासन के अफसर भी अलर्ट हो गए हैं। हालांकि तहसीलदार के कंाटेक्ट में आए लोगों की अलग सूची बनी हैं, लेकिन जिला पंचायत सीइओ हर्ष सिंह और सहायक कलेक्टर पवार नवजीवन विजय ने भी शनिवार जिला अस्पताल पहुंचकर अपनी कोरोना सैंपलिंग कराई। इस दौरान दोनों अफसरों के साथ कलेक्टर राकेश कुमार श्रीवास्तव भी थे।
तीन मरीजों ने और दी कोरोना को मात, अस्पताल से डिस्चार्ज
जिले में बढ़ते कोरोना के आंकड़ों के बीच संक्रमित मरीजों के रिकवर होने की संख्या भी बढ़ रही है। शनिवार को तीन और मरीजों ने कोरोना को मात दी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल के कोविड सेंटर से डिस्चार्ज कर दिया गया। इनमें एलआईसी के 55 वर्षीय गार्ड सहित एक 14 वर्ष का किशोर व एक 26 वर्ष का युवक शामिल हैं। जिले में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की कुल संख्या 58 हो गई हैं, जिसमें से अब 35 केस एक्टिव हैं, जबकि 21 रिकवर हो चुके हैं और 2 की मृत्यु हो चुकी है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2C5t2Lr
No comments:
Post a Comment