
भोपाल. पंचशील नगर के नाले में बहे चार साल के बच्चे के पिता रोहित बंसल को बेसुध हालत में बुधवार रात 8.30 बजे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस को आशंका थी कि बच्चे के गम में पिता ने कोई जहरीली पदार्थ खा लिया है। इलाज के बाद पता चला कि उसने पेनकिलर खाया था, जिसके कारण हालत बिगड़ गई।
गौरतलब है कि मंगलवार को शहर में हुई तेज बारिश के कारण नाले उफान पर थे। पंचशील नगर निवासी रोहित बंसल का चार साल का बेटा डुग्गू नाले में बह गया। नगर निगम की टीम दो दिन से तलाश कर रही है, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। एएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सस्पेक्टड पॉयजन की जानकारी मिली थी। मैं खुद अस्पताल गया, डॉक्टर ने वस्तु स्थिति बताई।
250 कर्मचारी तलाश में जुटे, नहीं मिला बच्चा
पंचशील नाले में बहा बच्चा डुग्गू बुधवार देर रात तक नहीं मिला। नगर निगम के 250 कर्मचारी नाले को तीन सेक्टर में बांटकर तलाश में जुटे हुए हैं। सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अजय श्रवण ने बताया कि एक सेक्टर में 70 से 80 कर्मचारी व गोताखोर नाव व अन्य उपकरणों के साथ जुटे हैं।
दो दिन से बेटा भूखा है, मैं कैसे खा लूं
लापता बच्चे के परिजनों ने दो दिन से खाना-पीना छोड़ रखा है। मां बेटे का फोटो देखकर चीख पड़ती है। बार-बार वह बेहोश हो जाती है। परिवार के लोग उसे दिलासा दे रहे हैं। जब भी मां को खाने के लिए कुछ दिया जाता है, वो यह कहते हुए मना कर देती है कि मेरा बेटा दो दिन से भूखा होगा, मैं कैसे खा लूं।
अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
राजधानी के नाले में बच्चे का बहना साबित करता है कि नगर निगम और प्रदेश सरकार कितने लापरवाह हैं। जिम्मेदारों को जनता से सरोकार नहीं है। ये आरोप जिला कांग्रेस ने बुधवार को लगाए। जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने कहा कि शहर के बच्चे की नाले में डूबकर मौत हो गई, उसकी लाश तक नहीं मिल रही है और मुख्यमंत्री चुनावी रैली निकालने में व्यस्त हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और महापौर आलोक शर्मा के खिलाफ नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। इस दौरान कैलाश मिश्रा, पीसी शर्मा, योगेंद्र सिंह चौहान, अविनाश कड़बे, राहुल सिंह राठौड़, प्रवीण सक्सेना, अमित शर्मा, मोनू सक्सेना, संतोष कंसाना सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पुतला दहन के दौरान इनकी पुलिस के साथ झड़प हुई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2JAhBsZ
No comments:
Post a Comment